बस्तर में बाढ़ का कहर: दंतेवाड़ा सहित कई जिलों का संपर्क टूटा, 5 की मौत, हजारों प्रभावित

बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। दंतेवाड़ा जिले में 100 से ज्यादा गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। वहीं अब तक 200 से अधिक मकान ढह चुके हैं और भारी नुकसान का अनुमान है।

बड़ी तस्वीर

  • दंतेवाड़ा नगर समेत आसपास के इलाकों में करीब 50 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

  • इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने और शंखनी-डंकनी नदी का पानी रुकने से हालात बिगड़े।

  • वर्ष 1972 के बाद पहली बार डंकनी नदी ने इतना रौद्र रूप दिखाया है।

  • बाढ़ से अब तक 5 लोगों और 17 पशुओं की मौत हो चुकी है।

राहत और बचाव

  • अब तक 2196 लोगों को 43 राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है।

    • दंतेवाड़ा: 1,116

    • सुकमा: 790

    • बीजापुर: 120

    • बस्तर: 170

  • वायुसेना और SDRF की टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी है।

  • सीएम विष्णुदेव साय ने अफसरों को निर्देश दिया है कि राहत शिविरों में भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

यातायात और अव्यवस्था

  • NH-30 पर पनेड़ा के पास पुल का अप्रोच बह गया, जिसके चलते 20 घंटे तक यातायात बाधित रहा।

  • जगदलपुर से चित्रकोट मार्ग, दोरनापाल से सुकमा जाने वाला हाईवे और बीजापुर-हैदराबाद रोड बंद है।

  • अब तक 15 से ज्यादा पुल-पुलिए टूट चुके हैं

  • पुल बंद होने से ट्रकों और बसों की लंबी कतारें लग गईं।

मौसम विभाग का अलर्ट

पिछले 24 घंटों में सुकमा (210 मिमी), बास्तानार (200 मिमी) और लोहांडीगुड़ा (190 मिमी) में भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

  • कोंडागांव और कांकेर में भारी बारिश का यलो अलर्ट

  • बीजापुर, नारायणपुर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर समेत 13 जिलों में गरज-चमक और आंधी का अलर्ट

दर्दनाक हादसा

NH-30 जगदलपुर-सुकमा मार्ग पर दरभा घाटी में एक कार उफनते नाले में बह गई। कार में सवार तमिलनाडु से घूमने आए दंपति और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। ड्राइवर ने तैरकर अपनी जान बचाई। SDRF टीम ने शवों को निकालकर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा।