राजधानी की हर सड़क होगी हाईटेक निगरानी में: 57 नई सड़कों पर लगेंगे 168 कैमरे, रफ्तार पर भी लगेगी लगाम

अब राजधानी रायपुर में अपराध या सड़क हादसे के बाद दोषियों को पकड़ना पहले से आसान होगा। शहर में हाईटेक सर्विलांस सिस्टम को और मजबूत करने के लिए 57 नई सड़कों पर 168 से अधिक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे पहले ही शहर में 1240 कैमरे लगातार निगरानी कर रहे हैं।

इन कैमरों की मदद से न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि सड़क हादसों की तुरंत जानकारी और विश्लेषण भी संभव होगा। खास बात यह है कि शहर के जिन हिस्सों में अब तक कैमरे नहीं थे, वहां अब निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

स्पीड पर लगेगी लगाम, घर पहुंचेगा ई-चालान

शहर में अब 45 किमी/घंटा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने पर सीधे घर पर ई-चालान पहुंचेगा। इसके लिए 7 प्रमुख सड़कों पर 58 स्पीड वायलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाए जाएंगे। एक्सप्रेस वे और वीआईपी रोड सहित प्रमुख लोकेशनों पर यह कैमरे इंस्टॉल किए जा रहे हैं।

इन सड़कों पर लगेंगे नए कैमरे

  • शास्त्री चौक, निर्वाचन कार्यालय, कलेक्टोरेट, रेलवे स्टेशन, तेलीबांधा, पुलिस बूथ, गोल बाजार, एमजी रोड, पुरानी बस्ती, लोहार चौक, जवाहर नगर मोड़, पंडरी एलआईसी, कपड़ा मार्केट, दलदल सिवनी, मोवा थाना और अशोका रतन कॉलोनी सहित 41 से अधिक लोकेशनों पर फिक्स कैमरे लगाए जाएंगे।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

सभी नए कैमरों की निगरानी आईटीएमएस कंट्रोल रूम से होगी। आउटर एरिया को भी कवर करने के लिए एनएचएआई 70 और कैमरे लगाने की तैयारी कर रही है। यानी पूरे शहर और आउटर बेल्ट अब “तीसरी आंख” की निगरानी में रहेंगे।

नवा रायपुर में भी चल रही तैयारी

नवा रायपुर में पहले चरण में 128 कैमरे लग चुके हैं। अब दूसरे चरण में 230 कैमरे और लगाए जाएंगे, जिनका कंट्रोल रूम नवा रायपुर में ही बनाया गया है।

थ्री-ई सिस्टम से होगा असर

अपराध और हादसों पर लगाम के लिए यह कैमरे थ्री-ई (Enforcement, E-Challan, E-Education) प्रणाली पर आधारित होंगे।

डी. रविशंकर, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त के अनुसार, “यह कैमरे सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि ट्रैफिक सुधार और सड़क सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे हैं।”