दुर्ग पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान बना बच्चों की उम्मीद – 108 गुमशुदा बच्चों को परिजनों से मिलाया
दुर्ग जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान चलाया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जुलाई माह में कुल 108 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिवारजनों से मिलाया गया।
इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें 9 साल पुराने एक गुमशुदा बालक को भी खोज निकाला गया। राज्य में इस कार्य के अनुपात में दुर्ग जिला दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बिलासपुर पहले स्थान पर रहा।
अन्य राज्यों से भी बरामद हुए बच्चे
सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, हैदराबाद, ओडिशा, महाराष्ट्र, पुणे, तमिलनाडु, चेन्नई, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों से भी बच्चों को ढूंढ निकाला गया।
एसपी विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक यह अभियान पूरे जिले में चलाया गया।
थानों में बनी विशेष टीमें
गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के लिए बड़े थानों से दो-दो और छोटे थानों से एक-एक टीम बनाई गई।
अभियान के नोडल अधिकारी अभिषेक झा ने बताया कि अब तक जिले से कुल 30% गुमशुदा बच्चों को बरामद किया जा चुका है। फिलहाल 7 पुलिस टीमें अन्य राज्यों में लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हैं।
31 जुलाई तक यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है, जिससे यह अभियान और भी सफल बन सकता है।
