नामीबिया में पीएम मोदी को 21 तोपों की सलामी, 27 साल बाद बढ़ी भारत-अफ्रीका साझेदारी की रफ्तार

विंडहोक, नामीबिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नामीबिया यात्रा ने भारत-अफ्रीका संबंधों में नया अध्याय जोड़ दिया है। राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह के आधिकारिक निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी का राजधानी विंडहोक के स्टेट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी के साथ भव्य स्वागत हुआ।

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति नंदी-नदैतवाह के साथ डेलिगेशन स्तर की द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों देशों ने महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया। चर्चा के मुख्य बिंदु रहे – हीरा, यूरेनियम और रणनीतिक खनिजों की आपूर्ति, साथ ही ऊर्जा सहयोग और व्यापार विस्तार।

डायमंड डील का नया रास्ता: भारत को डायरेक्ट एक्सपोर्ट की उम्मीद

नामीबिया दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री हीरा उत्पादक देश है, लेकिन फिलहाल भारत को डायरेक्ट एक्सपोर्ट नहीं करता। ये हीरे लंदन, एंटवर्प जैसे व्यापारिक केंद्रों के जरिए भारत पहुंचते हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा इस प्रक्रिया को सरल बनाकर सीधे व्यापार के मार्ग खोलने में सहायक हो सकती है।

भारत की कई डायमंड प्रोसेसिंग कंपनियां पहले से ही नामीबिया में सक्रिय हैं। भारत ने खनन, मैन्युफैक्चरिंग, डायमंड प्रोसेसिंग और सेवाओं जैसे क्षेत्रों में ₹6,600 करोड़ से अधिक का निवेश किया है।

यूरेनियम, कोबाल्ट और लिथियम से भारत को ऊर्जा में मजबूती

नामीबिया यूरेनियम, लिथियम, कोबाल्ट और रेयर अर्थ मिनरल्स से समृद्ध है। भारत के सिविल न्यूक्लियर एनर्जी प्रोग्राम के लिए नामीबिया एक रणनीतिक साझेदार बन सकता है, खासकर तब जब भारत क्लीन एनर्जी की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

चीतों से जोड़ी गई ऐतिहासिक कड़ी

सितंबर 2022 में नामीबिया से लाए गए 8 अफ्रीकी चीतों को मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बसाया गया था। यह दुनिया का पहला इंटर-कॉन्टिनेंटल चीता ट्रांसफर था। पीएम मोदी ने खुद इन चीतों का स्वागत किया था, जिनमें से एक मादा चीता “आशा” ने भारत में तीन शावकों को जन्म भी दिया।

27 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नामीबिया यात्रा

पीएम मोदी की यह यात्रा 1998 के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नामीबिया यात्रा है। इससे पहले वीपी सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने नामीबिया का दौरा किया था।

संसद को भी करेंगे संबोधित, गहराते कूटनीतिक रिश्ते

पीएम मोदी नामीबिया की संसद को भी संबोधित करेंगे। यह यात्रा 5 देशों (घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया) के दौरे का हिस्सा है, जो 2 से 10 जुलाई तक चल रही है।

भारत-नामीबिया व्यापार में रिकॉर्ड बढ़त

  • FY 2024-25 में दोनों देशों के बीच ₹4,858 करोड़ का द्विपक्षीय व्यापार हुआ

  • FY 2023-24 में व्यापार बढ़कर ₹6,735 करोड़ तक पहुंचा

  • भारत से नामीबिया को निर्यात ₹3,785 करोड़, जबकि आयात ₹2,950 करोड़ के आसपास रहा

पीएम मोदी की यह यात्रा सिर्फ औपचारिक राजनयिक दौरा नहीं, बल्कि भारत और नामीबिया के बीच रणनीतिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला ऐतिहासिक क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *