जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन पर फर्जी ST सर्टिफिकेट से चुनाव जीतने का आरोप, जांच समिति गठित

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी – जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उन्होंने फर्जी अनुसूचित जनजाति (ST) प्रमाण पत्र के आधार पर आरक्षित सीट से चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद हासिल किया। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक पारदर्शिता दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, नम्रता सिंह जैन द्वारा प्रस्तुत किया गया ST प्रमाण पत्र फर्जी है, जिसे तत्कालीन संयुक्त कलेक्टर चन्द्रिका प्रसाद बघेल द्वारा बिना उचित जांच के जारी किया गया। आरोप है कि यह दस्तावेज प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का संकेत देता है।

जांच समिति बनी, लेकिन कार्रवाई में देरी से नाराजगी

मोहला के एसडीएम द्वारा इस मामले में जांच समिति का गठन कर दिया गया है, लेकिन कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर शिकायतकर्ता ने चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर, सच को सामने लाया जाए।

IAS की बेटी और वर्तमान पंचायत अध्यक्ष हैं नम्रता

नम्रता सिंह जैन के पिता स्वर्गीय नारायण सिंह ओडिशा मूल के 1977 बैच के IAS अधिकारी थे, जिन्होंने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सेवाएं दी थीं।
नम्रता सिंह ने वर्ष 2025 के जिला पंचायत चुनाव में ST आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। उनके पति सचिन जैन हैं।