दिल्ली के 30 स्कूलों और मुंबई में स्थित आरबीआई को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

दिल्ली के 30 स्कूलों और मुंबई में स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। गुरुवार दोपहर को आरबीआई की वेबसाइट पर रूसी भाषा में एक धमकी भरा ई-मेल आया, जिसमें दावा किया गया कि बैंक की बिल्डिंग में एक इम्प्रूवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) रखा गया है, जिसे 5 दिनों में रिमोट से सक्रिय किया जाएगा। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर सुरक्षा कड़ी कर दी है।

यह धमकी मेल आरबीआई के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा के कार्यभार संभालने के कुछ दिन बाद आया। 16 नवंबर को पहले भी आरबीआई के कस्टमर केयर को धमकी मिली थी। वहीं, शुक्रवार को दिल्ली के 30 स्कूलों को भी धमकी भरे संदेश मिले हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और भी बढ़ा दिया गया है।