शेख हसीना का बड़ा आरोप: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों के लिए मुहम्मद यूनुस जिम्मेदार

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न और सामूहिक हत्याओं के लिए अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस को जिम्मेदार ठहराया है। न्यूयॉर्क में आवामी लीग के एक कार्यक्रम में वर्चुअली बोलते हुए हसीना ने आरोप लगाया कि यूनुस और उनके समर्थक छात्रों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से इन हत्याओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने यूनुस को इन हिंसक घटनाओं का मास्टरमाइंड करार दिया और कहा कि यह हमले धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर मंदिरों, चर्चों और इस्कॉन समुदाय के खिलाफ किए गए।

हसीना ने बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदू, बौद्ध और ईसाई समुदाय के लोग लगातार निशाने पर हैं, और 11 चर्चों व कई मंदिरों पर हमले हुए हैं, जिनमें इस्कॉन मंदिर पर हुआ हमला भी शामिल है। उन्होंने मुहम्मद यूनुस से यह सवाल भी किया कि क्यों बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले हो रहे हैं।

यह बयान बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर बढ़ते हमलों के बीच आया है। शेख हसीना के इस्तीफे के बाद बांग्लादेश में हिंसक छात्र प्रदर्शन हुए थे और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने ढाका में कर्फ्यू तोड़ा और प्रधानमंत्री के घर पर धावा बोला था। इसके बाद से अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमलों में भी वृद्धि हुई।