छत्तीसगढ़ में पड़ने लगी कड़ाके की ठण्‍ड, शीतलहर जैसे हालात…

रायपुर। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। सामरी, मैनपाट, बलरामपुर आदि इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच पहुंच गया है। प्रदेश के शेष हिस्सों में अधिकांश जगहों पर शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहने के संकेत दिए हैं। यानी ठंड बनी रहेगी।

नवंबर का दूसरा पखवाड़ा ठंड के लिहाज से अच्छा है। पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के सभी हिस्सों में अच्छी ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अंबिकापुर में पारा 09.6 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। पेंड्रारोड में 10.8 डिग्री। यह सामान्य से 3.4 डिग्री कम है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यहां शीतलहर जैसे हालात हैं। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा है। यहां रात का पारा 12.9 डिग्री तक गिर गया है। यह सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। तकनीकी आधार पर यहां शीलतहर चलने लगी है। दुर्ग में दिन का तापमान 30 डिग्री है।