कब मनाएं दिवाली, दूर करें अपना कंफ्यूजन…
दीपावली 31 अक्टूबर को है या 1 नवंबर को देश में ये कंफ्यूजन बरकरार है। मगर प्रदेश के कुछ धर्माचार्य और ज्योतिषाचार्य से बात करने पर इस सवाल का जवाब मिला है, अधिकांश ने माना है कि 31 को ही दीपावली मनाना शुभ होगा।
दिवाली की तारीख को लेकर विवाद होने की वजह, अमावस्या तिथि का दो दिनों तक रहना है। साल 2024 में कार्तिक अमावस्या 31 अक्टूबर की शाम से शुरू होकर 1 नवंबर की शाम तक है। इस वजह से, सरकारी कैलेंडर में दीपावली 31 अक्टूबर को बताई गई है, जबकि कई ज्योतिषियों का कहना है कि दीपावली 1 नवंबर को मनाई जानी चाहिए। दिवाली की तारीख हर साल बदलती है, क्योंकि हिंदू कैलेंडर चंद्रमा की स्थिति पर निर्भर करता है।
प्रदेश के कई मंदिर-मठों में 31 की शाम ही दीपावली मनाने की बात तय हुई है। आचार्य इंदुभवानंद ने बताया कि 31 को अमावस्या दोपहर 2.45 से लग रही है और कुंभ लग्न दोपहर 1.40 से 3.22 बजे तक है। इस दौरान लोगों को अपनी दुकानों, प्रतिष्ठानों और फैक्ट्रियों में लक्ष्मी पूजन करना शुभ होगा।
