धान खरीदी की तारीखों का हो सकता है ऐलान, एंटी नक्सल और औद्योगिक नीति पर होगा फैसला…

राज्य। साय सरकार की कैबिनेट बैठक 16 अक्टूबर को होने जा रही है। बुधवार को इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। सभी मंत्री बुधवार की सुबह मंत्रालय पहुंचेंगे। इस बैठक में धान-मक्का खरीदी, राज्योत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा होगी।

माना जा रहा है कि इस बैठक में नई नक्सली नीति, औद्योगिक नीति पर भी चर्चा हो सकती है और राज्य सरकार कुछ नए फैसले जनता के बीच पेश कर सकती है।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक बैठक के बाद सरकार धान खरीदी की तारीखों का ऐलान कर सकती है। कुछ दिन पहले ही 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का प्रस्ताव कैबिनेट की उप समिति ने भेजा था। खाद्य मंत्री दयाल बघेल की अध्यक्षता में की गई बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा की गई थी।

इस साल 160 लाख मीट्रिक धान खरीदने का अनुमान रखा गया है। बैठक धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू किए जाने पर बात हुई। मंत्रियों ने कहा कि राज्य मंत्री परिषद की बैठक में ही इसका अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बुधवार को इस पर सरकार फैसला स्पष्ट करेगी। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की बात कह रही है।

1 नवंबर को छत्तीसगढ़ सरकार विजन डॉक्यूमेंट जारी करेगी। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव अब नए नाम से जाना जाएगा। इसका नाम ‘अमृतकाल- छत्तीसगढ़ विजन @2047’ रखा जाएगा। इस डॉक्यूमेंट में 2047 तक छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कौन से सेक्टर में कौन से काम होंगे इसकी जानकारी होगी।