कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में इंडक्शन प्रोग्राम, वक्ताओं ने दिए सक्सेज टिप्स

रायपुर। कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के नए स्टूडेंट्स के इंडक्शन प्रोग्राम में बतौर अतिथि वक्ता पहुंचे रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के महाप्रबंधक श्री आशीष मिश्रा ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित होकर अपनी क्षमता व रूचि अनुरूप कठिन परिश्रम से अपने कैरियर को दिशा दें। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार, रायपुर जिला प्रशासन व शहरी सरकार ने युवाओं का भविष्य गढ़ने राजधानी रायपुर में नालंदा व तक्षशिला जैसे अध्ययन केन्द्र संचालित कर रहे है, साथ ही युवाओं को कैरियर से जुड़ी उपयोगी जानकारी व मार्गदर्शन देने गुड गवर्नेंस सेंटर व आरंभ जैसे परिसर शुरू किए गए हैं, जिसका पूरा लाभ विद्यार्थियों को लेना चाहिए। प्रख्यात शिक्षाविद् श्री जवाहर सुरीशेट्टी, कॉलेज प्राचार्य श्रीमती सीमा अग्रवाल, श्री डी.एन. देवांगन, चंचल दीप कौर, विभागाध्यक्ष श्री एस.एन. पांडा व विभाग प्रमुख, फैकल्टी मेंबर्स सहित नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

प्रेरक सत्र की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवल कर हुई एवं नव प्रवेशी छात्राओं ने स्वागत गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। प्राचार्य श्रीमती सीमा अग्रवाल ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को अनुशासित होकर अपने समय का सदुपयोग कर कॉलेज की शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ उठाने हेतु उनका मार्गदर्शन किया। शिक्षाविद श्री जवाहर सुरीशेट्टी ने अपनी प्रतिभा व सामर्थ्य को निखारते हुए अपने बेहतर प्रदर्शन से अपने जीवन को संवारने के जरूरी टिप्स दिए, वहीं प्रो. पांडा ने शिक्षा के साथ-साथ कला के जरिए भी अपनी बौद्धिक क्षमता को विकसित करने का सुझाव विद्यार्थियों को दिया।

अतिथि वक्ता श्री आशीष मिश्रा ने शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन के साथ ही अपनी भूमिका सामाजिक दायित्वों को पूरा करने में निर्वहन करने की अपील विद्यार्थियों से की। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा केवल रोजगार पाने तक सीमित न रहें, बल्कि सामाजिक बदलाव व सेवा के स्वरूप में सामने आए, यह शिक्षा का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने संस्था में उपलब्ध संसाधनों विशेषकर विद्वान शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने कैरियर को तराशने पूरे मन से जुटने का आह्वान विद्यार्थियों से किया।
